जबलपुर में छात्रा के सिर पर शिक्षक ने मारा डस्टर, पुलिस कर रही मामले की जांच
जबलपुर, 1 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गढ़ा के गंगा नगर स्थित पीएम श्री रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक शाला में गुरुवार को सातवीं कक्षा की छात्रा के घायल होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कक्षा में शिक्षक ने छात्रा की ओर डस्टर फेंका, जो उसके सिर पर लगा। चोट लगने से छात्रा के सिर से खून निकलने लगा और उसकी हालत बिगड़ गई। छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मामले को लेकर परिजनों ने संजीवनीनगर थाने में शिक्षक के खिलाफ शिकायत की है। बताया गया है कि कक्षा चल रही थी, इसी दौरान शिक्षक आशीष जैन ने छात्रा की तरफ डस्टर फेंका। डस्टर छात्रा के सिर में लगा, जिसके बाद वह अर्धबेहोशी की स्थिति में पहुंच गई और उसके सिर से रक्तस्राव होने लगा।
छात्रा की हालत देखकर कक्षा में मौजूद अन्य छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि शिक्षक ने रूमाल की मदद से छात्रा के सिर से निकल रहे खून को रोकने का प्रयास किया। छात्रा ने दर्द अधिक होने की बात कहते हुए घर जाने की इच्छा जताई, लेकिन तत्काल उसे कक्षा से बाहर नहीं जाने दिया गया।
छात्रा की हालत बिगड़ने पर कक्षा में मौजूद अन्य छात्राओं ने स्कूल के दूसरे शिक्षकों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी। परिजन स्कूल पहुंचे और छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने छात्रा की स्थिति को देखते हुए एमआरआई जांच कराई। इसके बाद उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। फिलहाल छात्रा का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों की शिकायत के बाद संजीवनीनगर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस छात्रा, उसके परिजनों और स्कूल स्टाफ के बयान दर्ज कर रही है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

