रंगदारी नहीं देने पर छात्र को मारी गोली, हालत गंभीर
सीवान, 27 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले के असाव थाना क्षेत्र के पंचबेनिया गांव में रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने 19 वर्षीय छात्र को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल छात्र रविकांत कुमार सिंह, पिता त्रिभुवन सिंह, निवासी पंचबेनिया है।
घायल रविकांत ने बताया कि वह अपने मित्र अनिकेत के साथ नदी से स्नान कर घर लौटा था। वह घर के अंदर कपड़ा बदलने जा रहा था, तभी चार की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने दरवाजे पर खड़े उसके दोस्त की पिटाई शुरू कर दी और एक राउंड फायरिंग की। गोली की आवाज सुनकर जब वह बाहर निकला और अपने दोस्त को बचाने की कोशिश की, तभी अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन ने आनन-फानन में घायल को रघुनाथपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल भेजा गया। वहां भी हालत नाजुक रहने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
रविकांत ने आरोप लगाया है कि हमलावर गांव के ही शराब माफिया हैं, जिन्होंने कुछ दिन पहले उससे 30 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

