मोबाइल नंबर नहीं दिया तो छात्र को घर से उठाकर पीटा, चार आरोपित आरोपित
उज्जैन, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना क्षेत्र में बुधवार को मोबाइल नंबर को लेकर हुए विवाद में 12वीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपित युवक छात्र को घर से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर गांव के श्मशान के पास ले गए और वहां बेल्ट व डंडों से उसकी पिटाई की। इतना ही नहीं, आरोपितों ने मारपीट का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर भी अपलोड कर दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को राउंडअप किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना एक नवंबर की शाम करीब सात बजे ग्राम कनार्दी की है। कुछ युवक 12वीं के छात्र के घर पहुंचे और उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर गांव के श्मशान के पास ले गए। बताया गया है कि विवाद की शुरुआत एक छात्रा द्वारा मोबाइल नंबर मांगने और नंबर देने को लेकर हुई थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पीड़ित छात्र ने तराना थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि तौफीक खान, अलफेज, सोयब वकील सहित अन्य युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और बेल्ट व डंडों से बेरहमी से मारपीट की। विरोध करने पर आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान आरोपितों ने मारपीट का वीडियो बनाया और बाद में उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
घटना से भयभीत छात्र अपने पिता के साथ तराना थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
तराना पुलिस के मुताबिक, मामले में संलिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य तथ्यों की जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

