home page

यमुनानगर:तीन माह से लापता छात्र का सुराग नहीं, परिजनों ने एसपी से मिलकर सीआईए जांच की उठाई मांग

 | 
यमुनानगर:तीन माह से लापता छात्र का सुराग नहीं, परिजनों ने एसपी से मिलकर सीआईए जांच की उठाई मांग


यमुनानगर, 09 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के करतारपुरा क्षेत्र का रहने वाला 20 वर्षीय छात्र पिछले लगभग तीन महीनों से लापता है। परिजनों ने बेटे का कोई पता न चलने पर पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की जांच अपराध शाखा (सीआईए) को सौंपने की मांग की है।

परिवार के अनुसार अमन खालसा इंस्टीट्यूट में अंतिम वर्ष का छात्र है। वह 16 दिसंबर को रोज की तरह परीक्षा देने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की,परंतु सफलता नहीं मिली। परिवार ने उसी दिन पुलिस चौकी रामपुरा में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कई सप्ताह बीत जाने के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अमन का मोबाइल भी लगातार बंद बताया जा रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। अमन के परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन है। परिवार का कहना है कि पिछले कई महीनों से वे बेटे की तलाश में लगातार पुलिस के संपर्क में हैं और विभिन्न स्थानों पर जानकारी जुटा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

अमन के परिजन सोमवार को पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल से मिले और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईए को सौंपने की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी न हो गई हो। पुलिस अधीक्षक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और छात्र का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों को तलाश तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार