home page

छात्र की हत्या मामले के दो और आरोपित गिरफ्तार

 | 
छात्र की हत्या मामले के दो और आरोपित गिरफ्तार


प्रयागराज, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित होलागढ़ थाने की पुलिस टीम ने शुक्रवार को छात्र की हत्या मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में होलागढ़ थाना क्षेत्र के दहियांवा मेला मैदान निवासी उज्ज्वल त्रिपाठी और संदीप यादव निवासी पटेल नगर चौराहा बरईहरख थाना होलागढ़ शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि 10 मई को थाना होलागढ़ क्षेत्र के टोडीपुरवा नहर पुल के पास पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के दौरान फायरिंग में हिमांशु पासी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब एक वर्ष पहले मोटरसाइकिल टकराने की घटना को लेकर मृतक हिमांशु पासी और आरोपित साहिल यादव के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के समझौते के लिए हिमांशु को नहर पुल के पास बुलाया गया था। वहां कहासुनी और हाथापाई के दौरान आरोपित साहिल यादव ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

इस मामले में नामजद साहिल यादव को पुलिस पहले ही 12 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब पुलिस ने घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या, एससी/एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हत्या के मामले में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली गई है और प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल