छात्रा का शव बिस्तर पर पड़ा मिला, युवक पर हत्या का आरोप लगा
उरई, 24 मार्च (हि.स.)। कुठौंद थाना क्षेत्र के कुतलूपुर गांव की रहने वाली एक छात्रा का शव मंगलवार काे बिस्तर पर पड़ा मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।परिवार के लाेगाें ने गांव के ही एक युवक पर बेटी की माैत का आराेप लगाया है।
थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि कुतलूपुर गांव में रहने वाले पिता सुनील कुमार कुरारा पंचायत में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। उनकी बेटी प्रतीक्षा कुमारी (19) बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। घरवालों का कहना है कि राेजाना की तरह साेमवार रात काे बेटी खाना-पीना खाकर कमरे में साेने चली गई। मंगलवार सुबह वह जब काफी देर हाेने के बाद भी कमरे से बाहर नहीं आयी तो परिजन उसे जगाने पहुंचे। उन्होंने देखा कि बिस्तर पर बेटी प्रतीक्षा का मृत शरीर पड़ा है। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पिता सुनील ने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पिछले तीन महीनों से आरोपित युवक उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था। वह शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर जान से मारने की धमकी देता था। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर छात्रा ने यह कदम उठाया।
थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों के लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है और संबंधित युवक की भूमिका की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

