home page

आगरमालवा : मधुमक्खियों के हमले में छात्र की मौत, चार अन्य घायल

 | 
आगरमालवा : मधुमक्खियों के हमले में छात्र की मौत, चार अन्य घायल


आगरमालवा, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में मधुमक्खियों के हमले से एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य विद्यार्थी घायल हो गए। घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर ग्राम सोयतकलां स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय में परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने विद्यार्थियों पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

इस घटना में कक्षा चौथी में अध्ययनरत छात्र रमण (9) पुत्र सज्जनसिंह कराड़ा गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चार अन्य छात्र भी घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल सोयतकलां के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रमण की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए राजस्थान के झालावाड़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा