home page

जबलपुरः छात्र पर लाठियों से हमला, तीन बदमाशों ने घेरकर पीटा

 | 
जबलपुरः छात्र पर लाठियों से हमला, तीन बदमाशों ने घेरकर पीटा


जबलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में घमापुर थाना क्षेत्र के करियापाथर श्मशान घाट के समीप रविवार को तीन बदमाशों ने दो हजार रुपये देने से इनकार करने पर एक 17 वर्षीय छात्र को घेरकर लाठियों से बेरहमी से पीट दिया। हमले में छात्र के हाथ, पैर, पीठ और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया।

पुलिस के अनुसार, उदय साहू पढ़ाई करने के बाद अपने मामा के घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के हंशू, आशीष राजपूत और ऋषिपाल वहां पहुंचे और उदय से दो हजार रुपए की मांग करने लगे। छात्र ने जब रुपए देने से साफ इनकार कर दिया तो तीनों आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया और लाठियां निकालकर उस पर हमला बोल दिया।

अचानक हुए हमले से उदय संभल भी नहीं पाया और चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा। उसकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग घरों से बाहर निकले तो छात्र खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें थीं। लोगों को जुटता देख तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची घमापुर पुलिस ने परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक