home page

छात्रावास में छात्र ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

 | 
छात्रावास में छात्र ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस


दंतेवाड़ा, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन के छू लो आसमान आवासीय कोचिंग संस्थान बालूद के एक छात्र ने छात्रावास के कमरे में आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। इसी वर्ष मार्च माह में भी यहां एक छात्र ने जान दे दी थी, नौ माह के भीतर यह दूसरी घटना है। वहीं बच्चे के पिता ने मार-पीट का आरोप लगाया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छू लो आसमान आवासीय विद्यालय बालूद के 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने शुक्रवार काे अपने हॉस्टल के कमरा क्रमांक 01 में आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र कुआकोंडा जनपद के श्यामगिरी गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि शाम को स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब उसके साथी छात्र स्कूल से वापस हॉस्टल पहुंचे तो उन्होंने अपने साथी छात्र को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। यह देखकर छात्र अवाक रह गए और तत्काल इसकी जानकारी अन्य छात्रों एवं छात्रावास प्रबंधन को दी गई ।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, प्रभारी तहसीलदार बीआर धनकर, आरजीएम के डीएमसी हरीश गौतम, सहायक परियोजना समन्वयक राजेंद्र पाड़े मौके पर पहुंच गए। इधर सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई धनंजय सिन्हा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हॉस्टल अधीक्षक एवं बच्चों से बातचीत कर रही है। माता-पिता से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या करने का कारण पता चल सके।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने बताया कि रोशन कुर्राम 12वीं क्लास के छात्र ने परिसर ने अंदर जान दे दी, पुलिस जांच कर रही है। उन्हाेने बताया कि इससे पहले मार्च माह के आस-पास इस तरह की एक घटना हुई थी।

साथी छात्रों ने अनुसार मृतक छात्र सुबह की पाली में स्कूल गया था, दोपहर 12 बजे लंच के समय वह हॉस्टल आया था, जिसके बाद वह दूसरी पाली में स्कूल नहीं गया और हॉस्टल में ही रुक गया। इसी दौरान उसने घटना को अंजाम दिया। हालांकि आत्महत्या करने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट पुलिस को नहीं मिला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के संबंध में पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे