बीएससी छात्रा की खुदकुशी मामला : पिता ने बेटी के दाेस्त पर दर्ज कराया मुकदमा
नोएडा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। थाना दनकौर क्षेत्र के गलगोटिया यूनिवर्सिटी से बीएससी की पढ़ाई कर रही छात्रा की खुदकुशी के मामले में शनिवार काे पीड़ित परिवार ने बेटी के दाेस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दनकौर थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बिहार राज्य के दरभंगा निवासी अशोक कुमार ने शनिवार सुबह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बेटी साक्षी कुमारी (21) गलगोटिया यूनिवर्सिटी से बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रही थी। वह चतुर्थ वर्ष की छात्रा थी। 15 सितंबर को पुलिस से जानकारी मिली कि उनकी पुत्री ने अपनी पीजी रूम के छत पर लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है।
उन्होंने अपनी बेटी का अंतिम संस्कार किया। उसके बाद उन्होंने जब मामले की जांच की तो पता चला कि उनकी बेटी का अमन नाम के एक युवक से प्रेम संबंध थे। वह भी गलगोटिया यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहा है। उन्हें पता चला कि वह अक्सर उनकी बेटी के साथ रहता था। पीड़ित के अनुसार उन्हें विश्वास है कि अमन के दुष्प्रेरण के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

