शादी समारोह में डांस कर रही महिलाओं की दबंगों ने की पिटाई, मुकादमा दर्ज
मथुरा की महिला डांसरों से अभद्रता कर दबंगों ने मचाया उत्पात
हमीरपुर, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे राठ कोतवाली क्षेत्र के परा गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान डांस कर रही महिला डांसरों से कुछ युवकों ने अभद्रता कर मारपीट कर दी। शुक्रवार को महिला डांसरों की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपित युवकों के विरूद्ध मुकादमा दर्ज किया है।
महिला डांसरों ने बताया कि उन्हें दिल्ली और मथुरा से कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग उनके साथ अशोभनीय व्यवहार करने लगे। महिलाओं का कहना है कि उनकी एक साथी को जबरन कमरे में ले जाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। जिससे उन्हें चोटें आईं। बताया कि बेहोश होने के बाद उनकी साथी के साथ भी जबरदस्ती और छीना झपटी की गई। जिससे उसके शरीर पर चोटें और नाखूनों के निशान आ गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल से निकलने का प्रयास करने पर उनकी गाड़ी को भी रोक लिया गया। घटना के बाद पीड़ित महिलाएं कोतवाली पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ितायें गुरूवार को अपनी सहेलियों के साथ नृत्य-गायन कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। जहाँ पर परा निवासी सुनील और नरेश ने उसके तथा उसकी सहेलियों के साथ गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

