home page

जयपुर में स्पा सेंटर्स और कैफे पर पुलिस का तगड़ा एक्शन

 | 
जयपुर में स्पा सेंटर्स और कैफे पर पुलिस का तगड़ा एक्शन


जयपुर में स्पा सेंटर्स और कैफे पर पुलिस का तगड़ा एक्शन


जयपुर, 02 जून (हि.स.)। राजधानी में स्पा सेंटर्स, मसाज पार्लरों और कैफे की आड़ में चल रही अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए व्यापक छापेमारी की। चित्रकूट, जवाहर सर्किल और जयपुर दक्षिण पुलिस ने अभियान चलाकर स्पा सेंटर्स से लेकर हुक्का बार तक कार्रवाई करते हुए कई संचालकों को गिरफ्तार किया और दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया।

जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जयपुर पश्चिम जिला पुलिस ने चित्रकूट क्षेत्र में स्पा और मसाज सेंटर्स की आड़ में चल रही अनैतिक गतिविधियों और गाइडलाइन उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार स्पा संचालकों को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण के अनुसार लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई।

गिरफ्तार आरोपियों में भीमराज उर्फ राज मीणा (लक्की स्टार स्पा सेंटर), विक्रम मान, चेतन शर्मा (दा लीफ स्पा सेंटर) और प्रकाश जांगिड़ (रिलैक्स इन स्पा सेंटर) शामिल हैं। जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर्स में ग्राहकों और कर्मचारियों का रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था तथा सीसीटीवी व पुलिस वेरिफिकेशन जैसे सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही थी।

उधर जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने स्पा और मसाज पार्लरों पर सघन जांच कर 40 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में कई स्थानों पर गाइडलाइन उल्लंघन और संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं।

पुलिस के अनुसार कुछ प्रतिष्ठानों में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। सभी गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है और स्पा संचालकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।

इधर जयपुर दक्षिण पुलिस ने अशोक नगर, महेश नगर और सोडाला थाना पुलिस के संयुक्त अभियान में सी-स्कीम स्थित ब्लूज़ कैफे एंड रेस्टोरेंट पर छापा मारकर अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में कैफे संचालक तरुण को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके पर हुक्का पीते मिले सात ग्राहकों पर जुर्माना लगाया गया।

पुलिस ने मौके से हुक्का सामग्री, चिलम, पाइप और फ्लेवर जब्त किए। इसी अभियान में वाइल्ड स्टोन स्पा सेंटर से चार लोग हिरासत में लिए गए। साथ ही न्यू सांगानेर रोड स्थित इन्फिनिटी स्पा सेंटर में भी अनियमितताएं मिलने पर संबंधित विभाग को लाइसेंस निरस्तीकरण व कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जयपुर में किसी भी कैफे, स्पा या रेस्टोरेंट की आड़ में नशे या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश