अमृतसर-हावड़ा मेल से 32.94 लीटर शराब के साथ तीन महिला तस्कर गिरफ्तार
बक्सर, 01 अगस्त (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) बक्सर की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 13006 डाउन अमृतसर-हावड़ा मेल में विशेष जांच अभियान के दौरान तीन महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कुल 32.94 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 25,350 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को ट्रेन की तलाशी के दौरान संदिग्ध महिलाओं की जांच में शराब बरामद हुई। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कंचन देवी (पत्नी रंजीत सहनी, खुशरूपुर मिंयाटोली, वार्ड-05, पटना), सीता देवी (पत्नी मनोज सहनी, बस्तर, थाना नदी, पटना) तथा शांति देवी (पत्नी मुन्ना पासी, सालिमपुर, थाना शालिमपुर, पटना) के रूप में हुई।
आरपीएफ एवं जीआरपी ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है। तीनों आरोपित महिलाओं के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया। संयुक्त अभियान को रेलवे के माध्यम से अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

