दाहोद में विश्व आदिवासी दिवस की रैली के दौरान पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
दाहोद, 09 अगस्त (हि.स.)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को दाहोद शहर में आयोजित रैली के दौरान मुंवालिया चार रास्ते के पास अचानक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। डीजे को लेकर पुलिस और कुछ लोगों के बीच चल रही बातचीत के दौरान पथराव शुरू हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के तहत दाहोद में आदिवासी समाज की ओर से सांस्कृतिक रैली निकाली जा रही थी। रैली निर्धारित मार्ग पर शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही थी। दोपहर करीब दो बजे मुंवालिया क्रॉसिंग क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा निजी वाहनों और डीजे के साथ सड़क पर भीड़ जमा किए जाने से यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस का दावा है कि इसके चलते एंबुलेंस और सरकारी बसें भी फंस गईं।
इसी दौरान विवाद बढ़ने के बाद पथराव की घटना हुई। पथराव में कई वाहनों को नुकसान पहुंचने की जानकारी है। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद मुंवालिया चार रास्ते और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना की मोबाइल फोन, बॉडी-वॉर्न कैमरों और अन्य कैमरों से रिकॉर्डिंग की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फुटेज और पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, आदिवासी समाज की मुख्य रैली ढोल-नगाड़ों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ती रही।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

