राजगढ़ः वेयरहाउस की खिड़की तोड़कर तीन क्विंटल गेहूं चोरी
राजगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया नगर के ब्यावरा रोड स्थित शासकीय गेहूं भंडारण वेयरहाउस में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाश खिड़की का लोहे का जंगला तोड़कर गोदाम में घुसे और 13 गेहूं के कट्टे बाहर निकाल लिए। इनमें से 7 कट्टे मौके के पास ही बरामद हो गए, जबकि 6 कट्टे, जिनमें करीब 3 क्विंटल गेहूं था, चोर अपने साथ ले जाने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक-2 निवासी रामकैलाश (28) पुत्र मांगीलाल मंडलोई ने बताया कि सोमवार सुबह उनके मित्र सर्जन सौधिया ने फोन कर गोदाम के पीछे गेहूं के कट्टे पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर खिड़की का टूटा जंगला और नाली में पड़े सात कट्टे मिले। सूचना मिलने पर एमपीडब्ल्यूएलसी वेयरहाउस के शाखा प्रबंधक एवं प्रभारी संजय दांगी ने निरीक्षण किया। जांच में स्टैक क्रमांक-4 से कुल 13 कट्टे गायब पाए गए। सात कट्टे बरामद होने के बाद छह कट्टों की चोरी की पुष्टि हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे पिछले 8 से 10 दिनों से बंद पड़े थे, जिससे चोरों की पहचान नहीं हो सकी। घटना के बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है। वहीं सरकारी वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और लंबे समय से बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

