home page

राजगढ़ः स्कॉर्पियो की डिक्की से 3.10 लाख रुपये चोरी

 | 
राजगढ़ः स्कॉर्पियो की डिक्की से 3.10 लाख रुपये चोरी


राजगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बखेड़ में सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो की डिक्की से अज्ञात बदमाश 3 लाख 10 हजार रुपये चोरी कर ले गए। घटना मंगलवार-बुधवार की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने बुधवार को ठेकेदार की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बूड़नपुर, थाना अटेर, जिला भिंड निवासी 40 वर्षीय ठेकेदार शिवकुमार पुत्र भरतप्रसाद शर्मा बिजली के सीमेंट के खंभे लगाने का ठेका लेते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मजदूरों के भुगतान के लिए वह 3 लाख 10 हजार रुपए लेकर आए थे। मंगलवार-बुधवार की रात ग्राम बखेड़ में उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने वाहन की डिक्की में रखी रकम पर हाथ साफ कर दिया। कुछ समय बाद जब ठेकेदार ने डिक्की देखी तो उसमें रखे रुपए गायब मिले। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और फरियादी के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाकर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक