राजगढ़ः चामुंडा माता मंदिर से सोने की नथ चोरी, दानपेटी तोड़ने का भी प्रयास
राजगढ़, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार की रात दो अलग-अलग मंदिरों में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं हुई। तलेन थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 गांधी चौक स्थित चामुंडा माता मंदिर में अज्ञात बदमाश माता जी की प्रतिमा में लगी करीब एक तोला वजनी सोने की नथ चोरी कर ले गया।
शिकायतकर्ता विशाल(43)पुत्र सत्यानारायण दांगी ने पुलिस को बताया कि नथ की कीमत लगभग 40 हजार रुपये है। सूचना पर तलेन पुलिस ने रविवार को मौके का निरीक्षण कर अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 305(क) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बावड़ीखेड़ा में भी चोरी का प्रयास सामने आया। यहां रहने वाले विष्णु(30) पुत्र गंगाराम सौंधिया ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कांगनीखेड़ा निवासी कमल पुत्र गौरीलाल सौंधिया मंदिर परिसर में रखी दानपेटी का ताला तोड़कर रुपये निकालने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 303(2), 62 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्र में गश्त तेज करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

