राजगढ़ः एक रात में तीन घरों से लाखों की ज्वैलरी-नकदी चोरी
राजगढ़, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के कांसौरकला गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरों ने 6 मकानों को निशाना बनाया। पुलिस ने रविवार को मौका-मुआयना कर पड़ताल शुरु की।
जानकारी के अनुसार पहली वारदात राजेश पुत्र अंतर सिंह राजपूत के घर हुई। परिवार नीचे के कमरों में सो रहा था, तभी बदमाश पीछे से नसैनी लगाकर किचन की खिड़की के रास्ते घर में घुसे। ऊपर के कमरे में रखी अलमारी और तिजोरी का लॉक तोड़कर करीब एक किलो चांदी के कड़े-पट्टे और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने चार मकान छोड़कर दिलीप प्रजापति के घर को निशाना बनाया। यहां भी छत के रास्ते घर में घुसकर अलमारी का लॉक तोड़ा और करीब 200 ग्राम चांदी की पायल समेत अन्य गहने चोरी कर लिए। दिलीप के घर से सटे जगदीश पुत्र कन्हैयालाल धनगर के मकान में भी बदमाश घुसे और आंगन में बंधी करीब 25 हजार रुपये कीमत की दो बकरियां चुरा ले गए।
ग्रामीणों के अनुसार बदमाशों ने केसरसिंह राजपूत, धर्मेंद्र मीणा और राहुल राजपूत के घरों में भी घुसने की कोशिश की, लेकिन लोगों के जागने पर भाग निकले। पुलिस का कहना है कि तीन घरों में चोरी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

