(अपडेट)राजगढ़ःदिनदहाड़े मकान मालिक सहित दो घरों से 1.60 लाख नकद और जेवर ले गए चोर
राजगढ़, 03 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में गुरुवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक मकान के मालिक और किराएदार दोनों के हिस्सों को निशाना बनाया। चोर करीब 1 लाख 60 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
वारदात का पता शाम को किराएदार के घर लौटने पर चला। विनायक ग्रीन के पास शिक्षक पीयूष बुधौलिया के मकान में ओंकार दांगी किराए से रहते हैं। वे महाकाल कैफे नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं। गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे ओंकार रेस्टोरेंट चले गए थे। उनकी पत्नी भी बाद में दुकान पर पहुंच गईं। मकान मालिक भी उस समय घर पर नहीं थे। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट और ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। शाम को घर लौटने पर ओंकार को ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। उनके हिस्से से करीब 1.10 लाख रुपए नकद व जेवर, जबकि मकान मालिक के हिस्से से करीब 50 हजार रुपए नकद और आभूषण चोरी होने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी शिवराज सिंह चैहान ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

