home page

राजगढ़ःएक ही रात में 6 घरों पर धावा, तीन मकानों से 5 लाख के जेवर-नगदी चोरी

 | 
राजगढ़ःएक ही रात में 6 घरों पर धावा, तीन मकानों से 5 लाख के जेवर-नगदी चोरी


राजगढ़, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर और देहात थाना क्षेत्र के ग्राम लोधीपुरा तथा बहादुरपुरा गांव में अज्ञात बदमाशों ने सोमवार की रात छह घरों को निशाना बनाया। इनमें तीन घरों से करीब पांच लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात लोधीपुरा गांव में बदमाश छत के रास्ते दिलीप लववंशी के घर में घुसे। परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। चोर अलमारी का ताला तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी के पट्टे, पायजेब, तगड़ी, बिछिया और बच्चों के चांदी के कड़े सहित करीब चार लाख रुपये का सामान ले गए। इससे पहले उन्होंने रघुवीर लोधा के घर की दीवार तोड़कर और चंदर भिलाला के घर के कवेलू हटाकर घुसने का प्रयास किया, लेकिन लोगों के जाग जाने से सफल नहीं हो सके। उधर, बहादुरपुरा गांव में बनवारी मेवाड़े के घर से अज्ञात बदमाश 12 से 15 हजार रुपये नगद और करीब 200 ग्राम चांदी की पायल चोरी कर ले गए। वहीं रामप्रसाद दांगी के घर से चांदी के जेवर, 8 हजार रुपये नकद और करीब 15 हजार रुपये कीमत के नकली गहने भी उठा ले गए, जिन्हें बदमाश असली सोना समझ बैठे। गांव के एक अन्य घर में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर खाली हाथ लौटे। सुबह वारदात का पता चलने पर दोनों गांवों में हड़कंप मच गया।

सूचना पर सिटी और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिटी थाना प्रभारी शिवराजसिंह चैहान और देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक