राजगढ़ः सरकारी स्कूल में चोरी, मध्यान्ह भोजन के बर्तन-गैस टंकी और मोटर ले गए बदमाश
राजगढ़, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम भगवतीपुरा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में अज्ञात बदमाशों ने स्टोर रूम का ताला तोड़कर मध्यान्ह भोजन में उपयोग होने वाला सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
घटना रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात की है। पुलिस ने सोमवार को अतिथि शिक्षक की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भालता, जिला झालावाड़ निवासी अतिथि शिक्षक रामगोपाल पुत्र प्रभूलाल लोधा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सोमवार को स्कूल पहुंचने पर स्टोर रूम का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए रखे बर्तन, गैस टंकी, पानी की मोटर सहित अन्य सामान गायब था। आसपास तलाश करने के बाद भी सामान का पता नहीं चला। शिक्षक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाने के साथ अज्ञात आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

