home page

राजगढ़ः शादी वाले घर से दिनदहाड़े सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी

 | 
राजगढ़ः शादी वाले घर से दिनदहाड़े सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी


राजगढ़, 28 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा थाना क्षेत्र स्थित व्यस्ततम राजगढ़ रोड पर मंगलवार दोपहर एक सूने घर को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाश लाखों का माल चोरी कर ले गए।

जानकारी के अनुसार, राजगढ़ रोड निवासी देवेंद्र शाक्यवार के बेटे मोहित की 30 अप्रैल को शादी है और घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे। मंगलवार को पूरा परिवार माता पूजन के लिए बाहर गया हुआ था, इसी बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। परिवार के लौटने पर घर का दरवाजा खुला मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी व अन्य जगहों को खंगालकर करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, जिनमें अंगूठी, मंगलसूत्र और कान के टॉप्स शामिल हैं, चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर से एक लाख 30 हजार रुपए नकद भी गायब मिले। कुछ जेवर मौके पर ही छूटे मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश जल्दबाजी में थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक