home page

राजगढ़ःसूने घर से ढाई लाख से अधिक के गहने चोरी

 | 
राजगढ़ःसूने घर से ढाई लाख से अधिक के गहने चोरी


राजगढ़,18 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लोधीपुरा गांव स्थित सूने घर से चोरों ने करीब ढाई लाख रुपये से अधिक कीमत के चांदी और सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने शिनिवार को प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

जानकारी के अनुसार, लोधीपुरा निवासी विष्णु पुत्र मांगीलाल लोधा परिवार सहित घर से बाहर गए हुए थे। शादी समारोह के कारण वह ब्यावरा गए थे, जबकि उनकी पत्नी मायके में थी और घर पर उनकी मां भी मौजूद नहीं थीं। इसी बीच अज्ञात व्यक्ति घर में रखी अलमारी की चाबी का उपयोग कर ताला खोलकर अंदर रखा कीमती सामान ले गया। फरियादी ने बताया कि अलमारी से 400 ग्राम चांदी की कमरबंद, 250 ग्राम चांदी के पट्टे, 150 ग्राम चांदी की दो पायल, चांदी के चार सिक्के और लगभग 5 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी चोरी हुई है। जब वे वापस लौटे और अलमारी खोली तो सारा सामान गायब मिला, जबकि चाबी अलमारी के पास ही पड़ी थी। चोरी गए माल का कुल अनुमानित मूल्य ढाई लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है। मामले की शिकायत सिटी थाने में दर्ज कराई गई है। सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक