राजगढ़ः मंदिर से गणेश प्रतिमा का चांदी का मुकुट चोरी
राजगढ़, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम सेकनपुर में अज्ञात बदमाश सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात मंदिर से गणेश प्रतिमा का चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए। मुकुट का वजन करीब 800 ग्राम और कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में घुसने के बाद बदमाशों ने सबसे पहले बल्ब निकालकर अंधेरा कर दिया। इसके बाद गणेश प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट उतारकर फरार हो गए। घटना के समय मंदिर के पुजारी रामदयाल दास पास ही स्थित दुर्गा माता मंदिर में मौजूद थे। देर रात मंदिर पहुंचने पर उन्हें गणेश प्रतिमा का मुकुट गायब मिला। चोरी की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आसपास बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही अन्य माध्यमों से भी आरोपितों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

