राजगढ़ : शराब दुकानों पर चोरों का धावा, चार दुकानों से तीन लाख से अधिक नकदी और मोबाइल पार
राजगढ़, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बदमाशों ने एक ही रात में चार शराब दुकानों को निशाना बनाकर तीन लाख रुपये से अधिक की नकदी और मोबाइल चोरी कर लिए। ब्यावरा क्षेत्र में हुई इस सिलसिलेवार वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सभी घटनाएं दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने गुरूवार देर रात वारदात की शुरुआत ब्यावरा थाना क्षेत्र के कांचरी जोड़ स्थित शराब दुकान से की। यहां पीछे की चादर काटकर दुकान में प्रवेश किया गया और करीब 11 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।
इसके बाद चोर चमारी जोड़ स्थित दुकान पहुंचे, जहां उसी तरीके से सेंध लगाकर करीब दो लाख रुपये नकदी और कर्मचारियों के मोबाइल फोन पार कर दिए। इसके बाद बदमाशों ने विश्वनाथ कॉलोनी रेलवे स्टेशन तिराहा स्थित दुकान को निशाना बनाया और वहां से करीब 50 हजार रुपये चोरी कर लिए।
वारदात का सिलसिला यहीं नहीं रुका। बदमाश पड़ोनिया स्थित दुकान में भी घुसे और वहां से 21 हजार रुपये नकद व मोबाइल लेकर फरार हो गए। खास बात यह रही कि सभी दुकानों में कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन किसी को भी चोरी की भनक तक नहीं लगी। बदमाश शटर और ताले काटकर अंदर दाखिल हुए और कैश काउंटर में रखी रकम लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि सभी घटनाएं रात 2 बजे से सुबह 4:30 बजे के बीच हुईं। करीब 15 किलोमीटर के दायरे में हुई इन लगातार चोरियों से हाइवे किनारे कारोबार करने वाले व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह घटनास्थलों का निरीक्षण कर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। देहात ब्यावरा थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने बताया कि कांचरी जोड़, चमारी जोड़, स्टेशन तिराहा और पड़ोनिया स्थित दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। सभी घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं और फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

