राजगढ़: कंटेनर से 53 बोरे गुटखा चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच
राजगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक कंटेनर से बड़े पैमाने पर गुटखा चोरी कर लिया, वहीं बोड़ा थाना क्षेत्र में खेत से रायड़ा चोरी का मामला सामने आया है।
कंटेनर का ताला तोड़कर लाखों का माल पार
देहात थाना पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर निवासी कंटेनर चालक अमित गुर्जर (30) ने शिकायत दर्ज कराई कि वह 2 मार्च को रायसेन से मेरठ जा रहा था। कचनारिया टोल प्लाजा के पास कंटेनर खड़ा होने पर नकाबपोश बदमाशों ने ताला तोड़कर 53 बोरे विमल गुटखा चोरी कर लिए। चोरी गए माल की अनुमानित कीमत 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत से 80 हजार का रायड़ा चोरी
इसी तरह, बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी निवासी राधेश्याम चौरसिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के ही चार लोगों ने उनके चार बीघा खेत से करीब 16 क्विंटल रायड़ा चोरी कर लिया। चोरी गई फसल की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने नामजद आरोपितों—प्रताप, गिरराज, सुमेर और राजेंद्र—के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
संदिग्धों पर नजर, जांच जारी
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

