राजगढ़ः ताला तोड़कर घर से 50 हजार नकद ले उड़े बदमाश
राजगढ़, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ी में चोरों ने शुक्रवार की रात एक घर को निशाना बनाते हुए 50 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना का पता चलते ही परिवार के होश उड़ गए। पुलिस ने शनिवार को मौका- मुआयना कर अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।
पुलिस के अनुसार ग्राम बांसखेड़ी निवासी गजराज (36) पुत्र मानसिंह बंजारा शिकायत दर्ज कराई कि शुक्रवार- शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। इसके बाद अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। फरियादी ने बताया कि यह राशि उसने लंबे समय से मेहनत-मजदूरी कर एकत्रित की थी। घटना की सूचना मिलते ही खुजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इलाके में सक्रिय चोरी करने वाले बदमाशों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

