राजगढ़ः घर से 50 हजार रुपए कीमत का मंगलसूत्र उठा ले गया बदमाश, केस दर्ज
राजगढ़, 26 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र की धीरप काॅलोनी स्थित दूध डेयरी के पीछे बने मकान से अज्ञात बदमाश आठ सोने के मोती व आधा तौला वजनी पेंडल का मंगलसूत्र उठा ले गया, जिसकी कीमत 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।
पुलिस के अनुसार धीरप काॅलोनी निवासी 45 वर्षीय रामपालसिंह पुत्र सोमनाथसिंह राठौर ने बताया कि उसकी पत्नी शीलाकुंवर ने मंगलसूत्र टूट जाने पर ठीक होने के लिए सिलाई मशीन के पास रख दिया था। बीती शाम घर का दरवाजा खुला था और वह दूसरे कमरे में घर के काम कर रही थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाश सिलाई मशीन के समीप रखा मंगलसूत्र उठाकर ले गया, जिसमें सोने के आठ मोती और आधा तौला वजनी पेंडल लगा हुआ था, जिसकी कीमत पचास हजार रुपए है।
बताया गया है कि घटना के दौरान घर के सामने एक 30 से 35 वर्षीय युवक बाइक लेकर खड़ा दिखाई दिया था,कुछ देर बाद देखा तो मंगलसूत्र गायब मिला। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की। थानाप्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ का कहना है कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है वहीं सुठालिया बायपास रोड़ सहित शहर में अन्य जगह लगे सीसीटीव्ही. कैमरों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

