home page

राजगढ़ः 4.8 किमी लाइन से 11 केवी बिजली तार चोरी, अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज

 | 
राजगढ़ः 4.8 किमी लाइन से 11 केवी बिजली तार चोरी, अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज


राजगढ़, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम किलाअमरगढ़ से बहादुरपुरा के बीच सड़क किनारे लगे विद्युत खंभों से अज्ञात बदमाश 11 केवी लाइन के तार काटकर ले गए। चोरी की यह वारदात करीब 4.8 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में हुई, जिससे बिजली परियोजना को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार आपसोर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी के अकाउंटेंट नीरज (42) पुत्र अवधषरण सोनी (42) निवासी शाहजहांनगर, भोपाल ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। कंपनी क्षेत्र में विद्युत खंभे स्थापित कर बिजली लाइन बिछाने का कार्य कर रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पता चला कि खंभों पर लगाए गए 11 केवी लाइन के तार कई स्थानों से काटकर चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 (2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए तारों की कुल मात्रा और उनकी कीमत का आकलन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी से कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक