home page

राजगढ़ः घर से 80 हजार के सोने-चांदी के गहने चोरी

 | 
राजगढ़ः घर से 80 हजार के सोने-चांदी के गहने चोरी


राजगढ़, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम देवलखेड़ा में बुधवार की रात अज्ञात बदमाश एक घर से करीब 80 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। सुबह चोरी का पता लगने पर पुलिस ने मौका- मुआयना कर अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम देवलखेड़ा निवासी राजमल पिता अनारसिंह मेवाड़ा ने शिकायत दर्ज कराई है कि बुधवार- गुरुवार की रात अज्ञात चोर घर में घुस गए। बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी को निशाना बनाया और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। सुबह परिवार के लोगों ने अलमारी का सामान बिखरा देखा तो घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक