home page

राजगढ़ः गिट्टी मशीन से डीजल व पंप, खेत से भैंस और घर के बाहर से बाइक चोरी

 | 
राजगढ़ः गिट्टी मशीन से डीजल व पंप, खेत से भैंस और घर के बाहर से बाइक चोरी


राजगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार की रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की तीन वारदातें सामने आई, जिनमें अज्ञात बदमाशों ने डीजल, टिल्लू पंप, भैंस और बाइक पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने बुधवार को तीनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हरजीपुरा में स्थित पूर्व विधायक की गिट्टी मशीन पर खड़ी पोकलेन मशीन से बीती रात अज्ञात चोर 100 लीटर डीजल और एक टिल्लू पंप चोरी कर ले गए। फरियादी रुद्रप्रतापसिंह कल्पोनी, निवासी राजगढ़ ने बताया कि चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 23 हजार रुपये है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरी घटना कुरावर थाना क्षेत्र के ग्राम बिरगड़ी में हुई, जहां धनसिंह मीणा ने रिपोर्ट में बताया कि ग्राम खरदोन निवासी इरफान पुत्र हसमतखां रात में उनके खेत स्थित कुएं से 60 हजार रुपये की भैंस चोरी कर ले गया।

तीसरी चोरी की वारदात थाना सुठालिया क्षेत्र के ग्राम मऊ में सामने आई, जहां जितेंद्र यादव की 40 हजार रुपये कीमत की बाइक (एमपी 39 एमएम 1099) घर के सामने से चोरी हो गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर बाइक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक