home page

चोरी का मोबाइल खरीदने और लॉक तोड़ने वाले दाे गिरफ्तार

 | 
चोरी का मोबाइल खरीदने और लॉक तोड़ने वाले दाे गिरफ्तार


सूरजपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त और उसका लॉक तोड़कर इस्तेमाल करने के मामले में आज शुक्रवार को जयनगर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का मोबाइल भी बरामद किया है। मामले में फरार एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।

मामला 29 जून 2026 का है। ग्राम ठाकुरपुर, अंबिकापुर निवासी क्षितिज कुमार अपने दोस्त विशाल के साथ स्कूटी से सूरजपुर में जन्मदिन की पार्टी में आया था। शाम को अंबिकापुर लौटते समय अजबनगर के पास स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों स्कूटी को पैदल काली घाट तक ले जा रहे थे।

इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने पेट्रोल लेने साथ चलने और वापस छोड़ने की बात कही। क्षितिज उनके साथ बाइक पर बैठकर वैष्णवी पेट्रोल पंप पहुंचा। वहां बाइक सवार एक युवक ने फोन करने के बहाने मोबाइल मांगा और मोबाइल लेकर अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।

क्षतिज की शिकायत पर जयनगर थाने में दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 303(2), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जयनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद सरफराज साह, उम्र 26 वर्ष, निवासी मायापुर, थाना कोतवाली अंबिकापुर को पकड़ा।

पूछताछ में उसने चोरी का मोबाइल एक व्यक्ति से खरीदकर अपने पास रखना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि मोबाइल का लॉक उसने मोमिनपुरा निवासी सज्जाद अंसारी से तुड़वाया था और इसके बाद वह मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था।

पुलिस ने इसके बाद सज्जाद अंसारी (उम्र 29 वर्ष) निवासी मोमिनपुरा, थाना कोतवाली अंबिकापुर को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल बरामद किया गया। मामले में फरार अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, प्रधान आरक्षक दीपक दुबे, सुशील तिवारी, आरक्षक सुरेश साहू और अंबिका मरावी की सक्रिय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय