home page

मंदिर से चोरी हुई चार मूर्तियां झाड़ी से बरामद, चोरों की तलाश जारी

 | 
मंदिर से चोरी हुई चार मूर्तियां झाड़ी से बरामद, चोरों की तलाश जारी


मंदिर से चोरी हुई चार मूर्तियां झाड़ी से बरामद, चोरों की तलाश जारी


मंदिर से चोरी हुई चार मूर्तियां झाड़ी से बरामद, चोरों की तलाश जारी


सीवान, 16 सितंबर (हि.स.)।

जिले में गुठनी थाना क्षेत्र के पतौवा-खड़खड़िया गांव स्थित शिव मंदिर से मंगलवार की रात चोरी हुई चार मूर्तियां बुधवार को मैरवा थाना क्षेत्र के लेभरी गांव के चंवर से बरामद कर ली गईं।

मूर्तियां सड़क किनारे झाड़ी में छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने बरामद मूर्तियों को मंदिर के पुजारी को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पुजारी जितेंद्र मिश्र अपने घर मिश्रछपरा चले गए थे।

मंदिर में रात के समय किसी के नहीं रहने का फायदा उठाकर चोरों ने स्थापित स्थान से कीमती पत्थर से निर्मित चार मूर्तियों को तोड़कर चोरी कर लिया। बुधवार सुबह पुजारी और ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो मूर्तियां गायब मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार को दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मंदिर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। ग्रामीण भी अपने स्तर से मूर्तियों की तलाश में जुट गए। इसी दौरान मैरवा थाना क्षेत्र के लेभरी गांव के चंवर में सड़क किनारे झाड़ी में छिपाई गई मूर्तियां ग्रामीणों को दिखाई दीं। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से चारों मूर्तियों को बरामद कर लिया। चोरी हुई मूर्तियों में मां लक्ष्मी, मां सरस्वती तथा राधा-कृष्ण की प्रतिमाएं शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने मूर्तियों को उनके स्थान से तोड़कर निकालने में काफी समय लगाया होगा।

सुबह होने का अंदेशा होने पर उन्होंने मूर्तियों को झाड़ी में छिपा दिया होगा, ताकि बाद में मौका देखकर उन्हें वहां से ले जा सकें। वहीं, पुलिस का कहना है कि पुलिस की सक्रियता को देखते हुए चोर मूर्तियों को झाड़ी में छोड़कर फरार हो गए होंगे। मंदिर से मूर्तियों की चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश है। पुलिस अब घटना में शामिल चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच-पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma