राजगढ़ः 50 लाख की चोरी का खुलासा, चार आरोपितों के कब्जे से 41 लाख नकद व तीन वाहन जब्त
राजगढ़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना पुलिस ने माताजी मोहल्ले में एक घर से हुई 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में चार आरोपितों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से 41 लाख रुपये नकद बरामद किए है। साथ ही एक अर्टिगा कार, दो मोटरसाइकिल और एक सब्बल जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने सोमवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 16 अक्टूबर को माताजी मौहल्ला जीरापुर निवासी अब्दुल रईस (51)पुत्र अब्दुल लतीफ ने शिकायत दर्ज की,उसने जनवरी 2026 में खरपा रोड स्थित अपनी जमीन 70 लाख रुपये में बेची थी। इसमें से 50 लाख रुपए नकद घर में लकड़ी के दीवान में रखे थे। 15 अक्टूबर को वह पत्नी और बच्चों के साथ राजस्थान के पचपहाड़ में सगाई समारोह में गया था। रात करीब 1ः15 बजे लौटने पर कमरे का कुंडा टूटा मिला और दीवान से 50 लाख रुपए नकदी गायब थी।
पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना पर चार आरोपितों को हिरासत में लिया, जिनमें सोहेल(22)पुत्र सलीम खान, फैजल (21)पुत्र षहजाद खान, समर लाला (23) पुत्र बादषाह लाला निवासी माताजी मौहल्ला जीरापुर और तौसीफ (25)पुत्र शहजाद खान निवासी ईमली बसस्टेंड खिलचीपुर शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 41 लाख रुपये नकद, एक अर्टिगा कार, दो बाइकें जब्त की है साथ ही शेष 9 लाख रुपए की बरामदगी अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपितों ने आसपास के मकानों की जुड़ी छतों का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद पुलिस को भ्रमित करने के लिए नीचे का गेट खोल दिया। चोरी की रकम पहले घर और फिर कब्रिस्तान में छिपाई गई। पुलिस के अनुसार, तीन आरोपितों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

