राजगढ़ः मंदिर परिसर से चंदन के तीन पेड़ काट ले गए चोर,पूजा करने पहुंचे पुजारी ने देखे कटे तने
राजगढ़, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर नगर से सटे बाड़ी गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर से अज्ञात बदमाश रात के अंधेरे में चंदन के तीन पेड़ काटकर ले गए। रविवार सुबह पूजा करने के लिए पहुंचे पुजारी ने पेड़ों की जगह कटे हुए तने देखे तो घटना का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार चोर सुनियोजित तरीके से देर रात मंदिर परिसर में पहुंचे और वर्षों पुराने तीन चंदन के पेड़ों को काटकर अपने साथ ले गए। सुबह पुजारी जब नियमित पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो परिसर में पेड़ गायब मिले। इसके बाद मंदिर समिति और पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि हनुमान मंदिर नगर से कुछ दूरी पर एकांत स्थान पर स्थित है। रात के समय यहां पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से असामाजिक तत्वों की आवाजाही बनी रहती है। उनका आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था की कमी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। मंदिर परिसर की सुरक्षा को लेकर पहले भी चिंता जताई गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
घटना के बाद मंदिर समिति ने प्रशासन से परिसर में लाइट,सीसीटीवी कैमरे और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही मंदिर क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

