home page

शादी में मेहमान बनकर घुसे बदमाश ने उड़ाया 20 लाख का कन्यादान बैग

 | 
शादी में मेहमान बनकर घुसे बदमाश ने उड़ाया 20 लाख का कन्यादान बैग


भरतपुर, 07 मई (हि.स.)। जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र स्थित ज्वाला रिसोर्ट में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मेहमान बनकर पहुंचे एक शातिर युवक ने करीब 20 लाख रुपए के गहने और नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया। आरोपित नए कपड़े पहनकर शादी में शामिल हुआ, पहले आराम से नाश्ता किया और फिर करीब डेढ़ घंटे तक पूरे रिसोर्ट में घूम-घूमकर रेकी करता रहा। मौका मिलते ही उसने कन्यादान का बैग चुराया और फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

आदर्श कॉलोनी निवासी राजेश खंडेलवाल के बेटे सचिन की शादी छह मई को भरतपुर के ज्वाला रिसोर्ट में दौसा निवासी काजल खंडेलवाल के साथ आयोजित थी। दोनों परिवार शादी की रस्मों और मेहमानों की आवभगत में व्यस्त थे। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे एक युवक नए कपड़े पहनकर रिसोर्ट में पहुंचा। युवक ने सामान्य मेहमान की तरह व्यवहार किया। उसने पहले नाश्ता किया और फिर पूरे रिसोर्ट में घूमता रहा। लड़की पक्ष को लगा कि वह लड़के वालों की ओर से आया है, जबकि लड़के वालों को लगा कि वह लड़की पक्ष का रिश्तेदार है। इसी भ्रम में किसी ने उस पर शक नहीं किया।

नाश्ते के बाद आरोपित करीब डेढ़ घंटे तक रिसोर्ट में घूमता रहा और यह पता लगाता रहा कि गहने व नकदी कहां रखी गई है। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन के फेरे शुरू हुए और परिवार के सदस्य रस्मों में व्यस्त हुए, आरोपी सीधे उस कमरे में पहुंचा जहां कन्यादान का बैग रखा हुआ था।

बैग में करीब 10 तोला सोना, 3 से 3.5 लाख रुपए नकद और अन्य कीमती सामान रखा था। कुल कीमत लगभग 15 से 20 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपित पहले बैग को कमरे से बाहर लाया, कुछ देर सामान्य रूप से घूमता रहा और फिर बैग लेकर रिसोर्ट से बाहर निकल गया।

परिवार का कहना है कि आरोपी अकेला नहीं हो सकता। उन्हें शक है कि उसका एक साथी भी रिसोर्ट में मौजूद था और बाहर एक वाहन भी खड़ा था, जिससे आरोपित आसानी से फरार हो सके।

वारदात के तरीके को देखते हुए यह किसी संगठित गिरोह की सुनियोजित चोरी प्रतीत हो रही है। चोरी का पता उस समय चला जब फेरों के दौरान गहनों की आवश्यकता पड़ी। जब परिवार के सदस्य बैग लेने कमरे में पहुंचे तो बैग गायब मिला। इसके बाद पूरे रिसोर्ट में खोजबीन की गई और फिर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपित स्पष्ट रूप से कमरे से बैग निकालते और बाद में उसे लेकर रिसोर्ट से बाहर जाते दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही चिकसाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। लड़की पक्ष की ओर से गहने और नकदी चोरी की एफआईआर दर्ज करवाई गई है। पुलिस अब फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपिताें की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित