डॉक्टर परिवार मुंबई गया : चोर सैंध लगाकर आभूषण और नगदी चुरा ले गए
जोधपुर, 01 सितम्बर (हि.स.)। शहर के राजीव गांधी नगर पुलिस थाना क्षेत्र चौपासनी गांव स्थित श्याम मनोहर मंदिर के पास में रहने वाले एक डॉक्टर के घर में रात के समय में चोरी हो गई। वे परिवार सहित मुंबई गए हुए थे। सुबह नौकरानी आई तब घटना का पता लगा। इस बारे में डॉक्टर की तरफ से राजीव गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दी गई है।
एएसआई परमाल कुमार ने बताया कि चौपासनी गांव स्थित श्याम मनोहर मंदिर के निकट गली नंबर 1 के सामने रहने वाले डॉक्टर शैलेंद्र कुमार व्यास पुत्र गोवर्धनलाल व्यास की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि वे किसी कार्यवश 29 अगस्त को मुंबई गए थे। इस बीच घर सूना था। रात के समय में चोरों ने इसमें सैंध लगाकर आभूषण और नगदी चोरी कर ले गए। सुबह नौकरानी आई तब चोरी का पता लगा। रिपोर्ट में बताया कि चोर घर से सोने की दो अंगूठी, एक लूंग जोड़ी, चांदी का छोटा मुकुट, कुंडल, एक पायल जोड़ी, चांदी की पंखी, माला के साथ बीस हजार की नगदी ले गए। एएसआई परमाल कुमार ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है, अग्रिम जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेजों से चोरों की पहचान के साथ तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

