home page

शेयर बाजार में निवेश कर कई गुना रिटर्न दिलवाने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

 | 
शेयर बाजार में निवेश कर कई गुना रिटर्न दिलवाने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरफ्तार


नोएडा, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल ( एसटीएफ) की टीम ने शेयर बाजार में निवेश कर कई गुना रिटर्न दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने के आरोपित को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। सेबी की शिकायत पर एसटीएफ ने यह कार्रवाई की। आरोपित पर फर्जी कंपनी बनाकर देशभर में ठगी करने के केस दर्ज हैं। आरोपित पिछले दो साल में 100 से अधिक लोगों से लाखों की ठगी कर चुका है।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली कि आरोपित गुरुग्राम के सेक्टर-26 क्षेत्र में है। इसके बाद टीम ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ के लिए सूरजपुर कार्यालय ले आई। उन्होंने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित की पहचान गाजियाबाद निवासी रूपेश भारद्वाज के रूप में हुई। आरोपित वर्तमान में हरियाणा के गुरुग्राम में रह रहा था। आरोपित के पास से फर्जी आधार कार्ड, चार मोबाइल फोन, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और बैंक स्टेटमेंट समेत अन्य दस्तावेज बरामद हुए। एसटीएफ ने यह कार्रवाई भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से मिली शिकायत के आधार पर की है। शिकायत में बताया गया था कि एक्स ट्रेडर्स एंटरप्राइजेज नाम से फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश के नाम पर ठगा जा रहा है। आरोपित ने वर्ष 2022-23 में एक्स ट्रेडिंग एंटरप्राइजेज नाम से एक फर्म रजिस्टर कर गाजियाबाद में ऑफिस खोला था। इसके बाद लोगों को शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देना शुरू किया। ज्यादा रिटर्न के झांसे में आकर कई लोग इसके जाल में फंस गए और लाखों रुपये निवेश कर दिए।

उन्होंने बताया कि आरोपित ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कंपनी तैयार की और निवेशकों को नकली शेयर सर्टिफिकेट तक बांट दिए। जब लोगों ने रुपये वापस मांगने शुरू किए तो आरोपित ने गाजियाबाद का ऑफिस बंद कर दिया और फरार होकर गुरुग्राम में छिपकर रहने लगा।

देशभर में फैला था नेटवर्क, सैकड़ों लोगों से ठगी

एसटीएफ के मुताबिक आरोपित कंप्यूटर साइंस से स्नातक है। वह वर्ष 2020 में अपने एक मित्र के साथ शेयर ट्रेडिंग का काम सीखने के बाद इस अवैध धंधे में शामिल हुआ। आरोपित के बैंक खातों की एनसीआरपी पोर्टल पर जांच करने पर कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, पुडुचेरी और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ करीब 14 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं। आरोपित का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। वह ऑनलाइन माध्यम से लोगों को टारगेट करता था। सोशल मीडिया और कॉल के जरिए निवेशकों को फंसाकर उनसे रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। आरोपित के खिलाफ गाजियाबाद और कर्नाटक में पहले से ही धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी