home page

राजगढ़ःएक ही रात दो घरों में चोरी, लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े बदमाश

 | 
राजगढ़ःएक ही रात दो घरों में चोरी, लाखों के जेवर-नकदी ले उड़े बदमाश


राजगढ़, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुरा में बुधवार की रात चोरों ने एक ही रात में दो मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खानपुरा निवासी रामबाबू सेन के घर में बीती रात अज्ञात चोर छत के रास्ते घुस गए। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। चोरों ने अलमारी और संदूक के ताले खोलकर दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का ताबीज, करीब एक किलो चांदी के आभूषण तथा 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है। सुबह परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली मिलीं, जिसके बाद चोरी का पता चला। इसके बाद बदमाश पास में स्थित चंद्रप्रकाश गौड़ के सूने मकान में भी पहुंच गए। बताया गया है कि चंद्रप्रकाश का परिवार राजस्थान में खाटू श्याम दर्शन के लिए गया हुआ था। इसका फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और 20 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी सहित अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। यहां से करीब डेढ़ लाख रुपये के सामान की चोरी होने का अनुमान है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रकाश शर्मा, थानाप्रभारी शिवराज सिंह चौहान और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने मास्टर-की का उपयोग किया, क्योंकि कई ताले बिना तोड़फोड़ के खुले मिले हैं। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक