एक लाख का इनामी अपराधी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, 17 साल से था फरार
देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अपराधी शौकत अली (54) को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। वह देहरादून के बसंत विहार और नैनीताल के हल्द्वानी में दर्ज डकैती के मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने बुधवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए करीब 17 वर्षों से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए उसे पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2009 को ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के बसंत विहार स्थित आवास में पांच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और लूटपाट की थी। इस मामले में थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पांच आरोपितों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें से चार को पुलिस ने छह अगस्त 2009 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली फरार हो गया था। लगातार फरार रहने पर तत्कालीन एसएसपी देहरादून ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने इनामी राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित मेरठ से फरार होकर दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में ठिकाने बदलता रहा। वह पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था। एसटीएफ और दून पुलिस की टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र के जरिए उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित शौकत अली मूल रूप से मेरठ के अहमदनगर, थाना देहली गेट का निवासी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 1991 से 2009 के बीच दर्ज मामलों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं। हल्द्वानी कोतवाली में भी उसके खिलाफ वर्ष 2009 में मामला दर्ज है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

