एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 07 सितंबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) सिलीगुड़ी यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की टीम ने एनजेपी रेलवे स्टेशन के पास बीती रात अभियान चलाकर एक किलो से अधिक ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मेहदुल आलम (25) और नुरुल एस.के. (33) के रूप में हुई है। दोनों असम के रहने वाले बताए गए हैं। सोमवार को दोनों आरोपित को अदालत में पेश करेगी।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति असम से कामरूप एक्सप्रेस के जरिए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर एनजेपी रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले है। इसके बाद वे सिलीगुड़ी के रास्ते बहरमपुर में मादक पदार्थ की डिलीवरी देने की तैयारी में थे। सूचना पाकर एसटीएफ की टीम ने एनजेपी स्टेशन के आसपास निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय तक संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के बाद टीम ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एक आरोपित के पास से काले रंग का बड़ा बैग और दूसरे के पास से लाल-सफेद रंग का प्लास्टिक बैग बरामद हुआ। दोनों बैगों की तलाशी लेने पर एसटीएफ को छह प्लास्टिक पैकेट मिले। जांच में पैकेटों के अंदर ब्राउन शुगर होने की पुष्टि हुई। बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 1.005 किलो बताया गया है।
इसके बाद दोनों आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर सोमवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश करेगी। एसटीएफ आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

