एसटीएफ की कार्रवाई में 300 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 25 अगस्त (हि.स.)। यात्री बस में सवार होकर मादक पदार्थ की तस्करी की कोशिश कर रहे एक शख्स को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 300 ग्राम ब्राउन शुगर भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद अब्दुर रहमान के रूप में हुई है। वह मालदा के कालियाचक का निवासी है।
जानकारी के मुताबिक, मालदा के कालियाचक से यात्री बस के जरिए सिलीगुड़ी में मादक पदार्थ पहुंचाने की योजना थी। इसी सूचना के आधार पर सोमवार रात एसटीएफ ने कोलकाता-सिलीगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर घोषपुकुर मोड़ के पास अभियान चलाया।
एसटीएफ अधिकारियों ने एक यात्री बस को रोककर संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की। उसके जवाबों में असंगतियां मिलने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद एसटीएफ अधिकारियों ने आरोपी को फांसीदेवा थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित को मंगलवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

