चोरों ने भगवान को भी नहीं बख्शा,चुराई अष्टधातु की मूर्ति
अररिया 23 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज प्रखंड के सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सैफ़गंज पंचायत के लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या 13 स्थित राम जानकी से बीती रात्रि अष्टधातु की बनी दो मूर्ति अज्ञात चोरो द्वारा चुरा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है।
चोरी गई अष्टधातु की मूर्ति में भगवान लक्ष्मण एवं हनुमान जी मूर्ति शामिल है। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची सिमराहा थानाध्यक्ष सह पुनि प्रेम कुमार भारती सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। इधर पुलिस उपाधिक्षक मुकेश कुमार साह भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच करते हुए मौजूद पदाधिकारी को कई दिशा निर्देश भी दिए। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड की टीम भी पहुंची है।
इधर संबंध में राजीव कुमार यादव के आवेदन पर स्थानीय थाना में केस दर्ज कराया गया है। दर्ज केस में आवेदक ने बताया कि मेरे घर के दरवाजे पर राम जानकी मंदिर है। जिसमें भगवान राम सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी तथा लड्डू गोपाल सहित पांच मूर्ति स्थापित था। उन्होंने लिखित आवेदन में बताया कि सोमवार की सुबह छह बजे जब मंदिर खोला गया तो देखा कि मंदिर का ग्रील का ताला टूटा हुआ है तथा मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान तथा लक्ष्मण का मूर्ति गायब है। गायब मूर्ति एक फुट लंबा था।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

