home page

प्रयागराज के स्कूल परिसर में डॉ भीमराव अम्बेडकर की नई मूर्ति की गई स्थापित

 | 
प्रयागराज के स्कूल परिसर में डॉ भीमराव अम्बेडकर की नई मूर्ति की गई स्थापित


-नसरतपुर गांव में पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, आरोपिताें की तलाश जारी

प्रयागराज, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर पब्लिक स्कूल परिसर में लगी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला मंगलवार को सामने आया है। सूचना पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक टीम ने तत्काल मामले को सामने आया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव में स्थित . डॉ भीमराव अंबेडकर पब्लिक स्कूल परिसर में लगी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने का मामला मंगलवार को समाने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम विधिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि यह स्कूल कांग्रेस नेता एवं कांग्रेस कमेटी के मंडल अध्यक्ष विनोद वर्मा का है । प्रतिमा खंडित होने की सूचना पर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सोरांव एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह तथा स्थानीय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

स्थिति को गंभीर होते देख पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नई प्रतिमा मंगवाई। ग्रामीणों की मौजूदगी में स्कूल परिसर में नई डॉ. अंबेडकर प्रतिमा स्थापित कराई गई, जिसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ और माहौल सामान्य हो सका।

ग्रामीण मनोज पासी ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी इसी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था, जिसके संबंध में सोरांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। उन्होंने मांग की कि इस बार भी दोषियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस उपायुक्त गंगानगर ने बताया कि प्रतिमा को पुनः स्थापित करा दिया गया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले अज्ञात आरोपिताें की तलाश की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल