home page

शादी समारोह में नाचने को लेकर हुए विवाद में हुई चाकूबाजी, तीन युवक घायल

 | 
शादी समारोह में नाचने को लेकर हुए विवाद में हुई चाकूबाजी, तीन युवक घायल


जगदलपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। बस्तर जिले के ग्राम आरापुर में बीती रात एक शादी समारोह में डीजे पर नाचने के दौरान युवकों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में तीन युवक फुलसिंग, प्रियांशु कुर्रे , और देवेंद्र घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेकाॅज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों के परिजनों ने बताया कि घटना के बाद से गांव के दो युवक लापता हैं। इन लापता युवकों पर चाकूबाजी का शक जताया जा रहा है। परपा पुलिस को मामले की जानकारी लगते ही वह मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

सोसनपाल निवासी सागर नाग (20 वर्ष) ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ आरापुर में एक परिचित के घर शादी समारोह में गए थे। समारोह में डीजे भी लगाया गया था, जहां सभी लोग डांस कर रहे थे। नाचने के दौरान युवकों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया। डीजे में नाच रहे कुछ युवकों ने फुलसिंग (30 वर्ष, दुगनपाल पटेलपारा), प्रियांशु कुर्रे (20 वर्ष, सोसनपाल) और देवेंद्र (24 वर्ष, दुगनपाल) को चाकू मारकर घायल कर दिया। इन युवकों को हाथ, पीठ और कमर आदि जगहों पर चोटें आई हैं। इस घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई। घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेकाज अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर दिया गया है। फिलहाल घायलों की स्थिति ठीक बताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे