home page

शराब भट्टी में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी, आरोपित गिरफ्तार

 | 
शराब भट्टी में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी, आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 27 मई (हि. स.)। अकलतरा थाना क्षेत्र स्थित शराब भट्टी में मामूली विवाद के बाद हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपित को आज न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी धीरज खाण्डेकर अपने दोस्त हेतराम केवट के साथ 26 मई को अकलतरा आए हुए थे। दोनों काम खत्म करने के बाद अकलतरा स्थित शराब भट्टी में शराब पीने पहुंचे। इसी दौरान दुकान संचालक मंजीत सिंह, निवासी सुपेला भिलाई से सिगरेट और चखना लेने के बाद पैसों को लेकर विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपित मंजीत सिंह ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपित ने हाथ-मुक्के और धारदार चाकू से दोनों युवकों पर हमला कर दिया। घटना में धीरज खाण्डेकर के बाएं हाथ की भुजा के पास चोट आई, जबकि हेतराम केवट के दाहिने हाथ की मुट्ठी में चोट लगी।

मामले की शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 293/26 दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपित के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा, एएसआई सुरेंद्र कश्यप और आरक्षक शेष साहू की विशेष भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT