जगदलपुर में चाकूबाजी, एक युवक की मौत, नाबालिग आरोपित गिरफ्तार
जगदलपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र अंर्तगत नया बस स्टैंड के पास बीती रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्यवाही करते हुए घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले में फरार आरोपित को पकड़ लिया है। जांच में पता चला कि आरोपित नाबालिग है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे गंगामुंडा इलाके में रहने वाले दो युवक कैलाश गुप्ता पिता शिवशंकर गुप्ता को उसके घर से बुलाकर नया बस स्टैंड की ओर ले गए थे। दोनों उसे शराब दुकान के पास लेकर पहुंचे, वहां किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी के दौरान दोनों युवकों ने चाकू निकाल लिया और कैलाश पर हमला कर दिया। चाकू का वार पेट के ऊपरी हिस्से में लगा। गंभीर चोट लगने के बाद कैलाश जमीन पर गिर पड़ा, कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपित मौके से भाग निकले। आस-पास मौजूद लोगों ने घायल युवक कैलाश गुप्ता (30) को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जगदलपुर सीएसपी सुमीत कुमार ने साेमवार काे बताया कि हत्या नाबालिग लड़के ने की है, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। नाबालिग का कहना है कि मृतक ने उसके पिता से कुछ कह दिया था, इसी बात को लेकर वह नाराज था। पुलिस ने नाबालिग को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

