बरेली में तीन संगठित गिरोह माफिया घोषित, 11 अपराधी पुलिस के निशाने पर
बरेली, 8 जुलाई (हि.स.) । जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन सक्रिय आपराधिक गिरोहों को जिला स्तर पर माफिया घोषित किया है। इन गिरोहों से जुड़े 11 आरोपियों को चिह्नित किया गया है। पुलिस अब इनकी अवैध संपत्तियों, आर्थिक गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच करेगी। अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में संगठित अपराध, गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी और लूट जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना फरीदपुर और शाही पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर तीन गिरोहों को माफिया के रूप में चिह्नित किया गया है। पुलिस के अनुसार ये गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।
फरीदपुर क्षेत्र के मेवासर्फापुर निवासी फातून को गौकशी गिरोह का सरगना मानते हुए माफिया घोषित किया गया है। इस गिरोह में बेचे खां, तैय्यब उर्फ तोईयाब खां, याकूब खां और कासिम के नाम भी शामिल हैं। पुलिस का आरोप है कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से गौकशी की घटनाओं को अंजाम देकर अवैध कमाई करता था।
इसी थाना क्षेत्र के मोहम्मद शेर खान को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गिरोह का सरगना घोषित किया है। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी में संलिप्त रहा है और इस कारोबार के जरिए आर्थिक लाभ अर्जित करता रहा।
वहीं, थाना शाही क्षेत्र के दुनका निवासी नन्हू उर्फ नन्हे उर्फ लालताप्रसाद को लूटपाट करने वाले गिरोह का मुखिया घोषित किया गया है। इस गिरोह में गिरीश पाल उर्फ गुड्डू, धर्मेंद्र, चंद्र प्रकाश और राहुल भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह संगठित ढंग से लूट की वारदातों को अंजाम देकर अवैध धन जुटाता था।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि तीनों गिरोहों से जुड़े आरोपिताें की संपत्तियों, बैंक खातों, आर्थिक नेटवर्क और अन्य वित्तीय स्रोतों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है और अपराधियों के आर्थिक ढांचे को ध्वस्त करने के लिए कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

