home page

एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 103 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 103 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 23 मई (हि.स.)।सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 41वीं बटालियन रानीडांगा को सीमाई इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है।

स्पेशल इंटेलिजेंस ब्रांच से मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी की क्विक रिस्पॉन्स टीम ने कार्रवाई करते हुए 103.8 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ एक भारतीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा से करीब 10 किलोमीटर दूर एनएच-327 ई के समीप बॉर्डर पिलर संख्या 98/19 के पास की गई।

मामला खोड़ीबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोना चांदी गांव के समीप का बताया जा रहा है। एसएसबी टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा एक वीवो मोबाइल फोन, वोटर आईडी कार्ड और पैन कार्ड की फोटोकॉपी भी जब्त की गई।

बरामद नशीले पदार्थ की पुष्टि के लिए एसएसबी ने स्निफर डॉग और विशेष ड्रग डिटेक्शन किट की मदद ली। जांच में पदार्थ के ब्राउन शुगर होने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सिराजुल हक के रूप में हुई है, जो उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) जिले के मंसुरा गांव का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक कूरियर के रूप में काम कर रहा था और उसे यह खेप खोड़ीबाड़ी तक पहुंचानी थी।

एसएसबी अधिकारियों के अनुसार मामले में एक बड़े संगठित तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।

इस पूरे ऑपरेशन को एसएसबी के एक सब-इंस्पेक्टर और पांच जवानों की टीम ने अंजाम दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जब्त सामान और नशीले पदार्थ के साथ खोड़ीबाड़ी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह