एसएसबी ने 720 लीटर नेपाली शराब एवं एक लकड़ी का नाव को किया जब्त
सुपौल, 29 मई (हि.स.)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के सीमा चौकी पिपराही के कार्यक्षेत्र में विशेष नाका ड्यूटी के दौरान 720 लीटर नेपाली शराब एवं एक लकड़ी की नाव को जब्त किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि कोसी नदी के पलार क्षेत्र से मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने की संभावना है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष नाका पार्टी का गठन किया गया।
गठित नाका पार्टी स्पर संख्या 1237 से नाव के माध्यम से कोसी नदी के पलार क्षेत्र में सूचना आधारित स्थान पर पहुंचकर छिपकर निगरानी करने लगी। कुछ समय पश्चात नदी की ओर से आवाज सुनाई दी। देखा गया कि नदी किनारे एक लकड़ी की नाव लगी हुई है, जिस पर कुछ अज्ञात व्यक्ति सफेद प्लास्टिक की बोरियों में सामान लाकर रख रहे थे।
संदेह होने पर जवानों ने चारों ओर से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान तस्करों को बल की मौजूदगी का आभास हो गया, जिसके बाद वे अंधेरे एवं कोसी नदी के कठिन भू-भाग का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
तत्पश्चात उस स्थान पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान नदी किनारे लगी लकड़ी की नाव से सफेद प्लास्टिक की बोरियों में रखा नेपाली देशी शराब बरामद किया गया। जब्त शराब की कुल मात्रा 720 लीटर पाई गई।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत जब्त शराब एवं लकड़ी की नाव को मध निषेध विभाग, सिमराही को सुपुर्द कर दिया गया। इस अभियान में सशस्त्र सीमा बल के सहायक कमांडेंट जगत्तर सिंह सहित अन्य जवान उपस्थित रहे। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल समय-समय पर मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाती रहती है तथा सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

